June 19, 2025

Big Breaking: क्या ताज महल होगा ज़ब्त? आगरा नगर निगम ने ASI को भेजा नोटिस, जानिए क्या है मामला

आगरा: दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताज महल (Taj Mahal) हमारी राष्ट्रीय धरोहर है। जिसे प्रेम की निशानी के रूप मे जाना जाता है। ताज महल को लेकर कई बार विवाद भी सामने आते रहते है, परंतु इस बार ताज महल एक अनोखे मामले को लेकर चर्चा में है और इसका कारण है, आगरा नगर निगम द्वारा भेजा गया एक नोटिस। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

आगरा नगर निगम ने भेजा 1 करोड़ से अधिक का नोटिस 

दरअसल, आगरा नगर निगम ने ताजमहल को 01 करोड़ से अधिक का गृहकर, जलकर और सीवर कर का एक नोटिस भेजा है। ताजमहल को जो नोटिस भेजा गया है उसके मुताबिक, संपत्ति कर लगभग 1.40 लाख रुपए है और जल कर लगभग 1 करोड़ रुपए है।

15 दिन का दिया समय अन्यथा ज़ब्त करने की चेतावनी

पुरातत्व विभाग (ASI) के अधिकारियों को भेजे गए इस नोटिस में टैक्स को जमा करने के लिए केवल 15 दिन का समय दिया गया है। अगर 15 दिन में टैक्स जमा नहीं किया जाता है तो ताजमहल को जब्त करने की चेतावनी दी गई है। बता दें, यहां सबसे बड़ी हैरानी की बात तो यह है कि ताजमहल समेत देश के सभी स्मारक नगर पालिका एक्ट में गृहकर से मुक्त किए गए हैं और इससे भी अधिक मजेदार बात यह है कि ताज समेत किसी भी स्मारक में पानी और सीवर का कोई कनेक्शन ही नहीं है। ऐसा पहली बार हुआ है कि आगरा नगर निगम ने गृहकर और जलकर के नोटिस पुरातत्व विभाग के नाम पर भेजे हैं।

आगरा नगर निगम से हुई है बड़ी गलती??

इस बारे में एएसआई के अधीक्षक पुरातत्वविद् राज कुमार पटेल ने मीडिया से बातचीत में बताया, कि

नगर निगम के ताजगंज जोन ने एएसआई को ताजमहल के जल कर और गृहकर के लिए एक नोटिस जारी किया है। जिसमें संपत्ति कर लगभग 1.40 लाख रुपये है। तो वहीं, जलकर, जलमूल्य और सीवर कर के रूप में 1 करोड़ रुपये का बिल भेजा है। एएसआई के अधिकारियों के अनुसार, हाउस टैक्स का एक नोटिस एत्माद्दौला स्मारक को भी भेजा गया है।संरक्षित स्मारक एत्माद्दौला को यह नोटिस एत्माद्दौला फोरकोर्ट के नाम से भेजा गया है। हालाकिं, उन्होंने कहा कि ताजमहल और एत्माद्दौला राष्ट्रीय स्मारक है और यह केंद्र और राज्य सरकार की संपत्ति है। उन्होंने संभावना जताई कि नगर निगम द्वारा टैक्स गणना के लिए लगाई गई एजेंसी की गलती से ऐसा हुआ होगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग में अधीक्षक डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि ताजमहल और एत्माद्दौला के संबंध में भेजे गए नोटिस का जवाब देकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

जाँच कराएगा नगर निगम 

इस सम्बंध में जब नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त सरिता सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि साईं कंस्ट्रक्शन कंपनी को गृह कर गणना की जिम्मेदारी दी गई है। गूगल मैपिंग के चलते कुछ जगह गड़बड़ी पता चली है। इसकी जांच करायी जा रही है।